9 मार्च, 2026, नई दिल्ली
आज भाकृअनुप-केन्द्रीय तटीय कृषि अनुसंधान संस्थान (भाकृअनुप-सीसीएआरआई ), गोवा, द्वारा जनजातीय उपयोजना (टीएसपा) के अंतर्गत संस्थान परिसर में अनुसूचित जनजाति (एसटी) किसानों के लिए एक एक्सपोज़र भ्रमण सह कृषि इनपुट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण के साथ हुई, जिसमें इस पहल के उद्देश्यों और जनजातीय कृषक समुदायों की आजीविका सुदृढ़ करने में संस्थागत सहयोग के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
इसके बाद कृषि इनपुट के वितरण तथा उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाने के लाभों पर प्रकाश डाला गया, जिससे उत्पादकता और आय में वृद्धि हो सके।

कार्यक्रम के दौरान किसानों के साथ एक संवादात्मक सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों से जुड़े अपने अनुभव, समस्याएँ और भविष्य की आवश्यकताएँ साझा कीं। इस संवाद ने किसानों को अपनी जरूरतों को व्यक्त करने तथा भाकृअनुप-सीसीएआरआई द्वारा उन्हें और बेहतर सहयोग प्रदान करने के सुझाव देने का एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत किसानों को विभिन्न पौध रोपण सामग्री और कृषि इनपुट वितरित किए गए, जिनमें प्रत्येक किसान को करी पत्ता, जायफल, अमरूद और नारियल के 20-20 पौधे, 40 आम के पौधे, 20 बोरी वर्मी कम्पोस्ट (100 किलोग्राम) तथा 200 किलोग्राम PROM प्रदान किया गया। इसका उद्देश्य सतत बागवानी और मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन को बढ़ावा देना है।
वितरण के पश्चात किसानों को आईसीएआर–सीसीएआरआई की जलीय कृषि प्रदर्शन इकाइयों का भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्हें विभिन्न नवाचारपूर्ण जलीय कृषि प्रणालियों एवं तकनीकों से अवगत कराया गया, जिनमें एक्वाकल्चर तालाब प्रणाली, फ्लोटिंग क्रैब बैरल कल्चर, डक-सम-फिश केज कल्चर, हापा आधारित नर्सरी पालन तकनीक, पंगास कैटफिश पालन तथा रियल-टाइम कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित जल गुणवत्ता निगरानी प्रणाली शामिल हैं। किसानों ने इन तकनीकों में गहरी रुचि दिखाई और उनके व्यावहारिक उपयोग, प्रबंधन पद्धतियों तथा आजीविका वृद्धि में उनकी संभावनाओं को समझने के लिए वैज्ञानिकों एवं तकनीकी कर्मचारियों से सक्रिय संवाद किया।

यह कार्यक्रम किसानों को आधुनिक जलीय कृषि पद्धतियों और एकीकृत कृषि दृष्टिकोण के बारे में प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त करने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है, जिन्हें ग्राम स्तर पर अपनाया जा सकता है।
यह कार्यक्रम गोवा के काणकोणा क्षेत्र के गाओडोंग्रिम गाँव के इंद्रावाड़ा, चाल और भूपेर क्षेत्रों के किसानों के लिए आयोजित किया गया, जिसमें गाँव के विभिन्न हिस्सों से कुल 20 किसानों ने भाग लिया।
(स्रोत: भाकृअनुप-केंद्रीय तटीय कृषि अनुसंधान संस्थान, गोवा)







फेसबुक पर लाइक करें
यूट्यूब पर सदस्यता लें
X पर फॉलो करना X
इंस्टाग्राम पर लाइक करें