केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रतिदिन पौधारोपण संकल्प के पाँच वर्ष पूर्ण होने पर NASC, नई दिल्ली में मनाया विशेष समारोह

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रतिदिन पौधारोपण संकल्प के पाँच वर्ष पूर्ण होने पर NASC, नई दिल्ली में मनाया विशेष समारोह

19 फरवरी 2026, नई दिल्ली

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रतिदिन एक पौधा लगाने के अपने संकल्प के पाँच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आज (NASC) परिसर, नई दिल्ली में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में सहभागिता की।

इस अवसर पर श्री चौहान ने कहा कि पाँच वर्ष पूर्व लिया गया प्रतिदिन पौधारोपण का संकल्प आज उनके जीवन की एक स्थायी आदत बन चुका है। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना केवल पर्यावरण संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नए जीवन के सृजन का प्रतीक है। उन्होंने उल्लेख किया कि यह पहल अब व्यक्तिगत प्रयास से आगे बढ़कर समाज के सहयोग से एक व्यापक जन-अभियान का स्वरूप ले चुकी है।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रतिदिन पौधारोपण संकल्प के पाँच वर्ष पूर्ण होने पर NASC, नई दिल्ली में मनाया विशेष समारोह

कार्यक्रम में पूज्य साध्वी ऋतंभरा जी, डॉ. एम.एल. जाट, सचिव, डेयर एवं महानिदेशक, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर), प्रसिद्ध पर्यावरणविद् श्री अनिल प्रकाश जोशी जी तथा वरिष्ठ पत्रकार श्री आशुतोष झा जी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। मंत्री ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि माताओं-बहनों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और पर्यावरण प्रेमियों की सक्रिय सहभागिता ने इस संकल्प को और अधिक सुदृढ़ बनाया है।

श्री चौहान ने घोषणा की कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) एवं कृषि मंत्रालय के प्रत्येक कार्यक्रम का शुभारंभ अब पौधारोपण के साथ किया जाएगा। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित प्रत्येक आवास का उद्घाटन एक पौधा लगाकर किया जाए तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसी प्रमुख विकास परियोजनाओं में भी पौधारोपण को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रतिदिन पौधारोपण संकल्प के पाँच वर्ष पूर्ण होने पर NASC, नई दिल्ली में मनाया विशेष समारोह

मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि वे अपने स्वागत में अब माला अथवा स्मृति चिह्न स्वीकार नहीं करेंगे। इसके स्थान पर वे यह आग्रह करेंगे कि उनका स्वागत एक पौधा लगाकर किया जाए और उसकी तस्वीर साझा की जाए।

उन्होंने “पेड़ बैंक” की अवधारणा प्रस्तुत करते हुए कहा कि पीपल, वट, नीम और आम जैसे उपयोगी एवं दीर्घायु वृक्षों के पौधे उपलब्ध कराए जाएँ, ताकि इच्छुक नागरिक स्वयं पौधारोपण कर सकें। संबंधित संस्था द्वारा गड्ढा खोदने, सिंचाई और पौधों की देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। जिन लोगों के पास समय का अभाव है, वे सहयोग राशि प्रदान कर अपने नाम से पौधारोपण करवा सकते हैं।

इस अभियान को एक व्यापक जन-आंदोलन का स्वरूप देने के लिए श्री चौहान ने एक समर्पित डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म विकसित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया, जिससे अधिक से अधिक नागरिक इस पहल से जुड़ सकें। उन्होंने संतों, मनीषियों, सामाजिक संगठनों और पर्यावरणविदों से भी अपने प्रवचनों और अभियानों के माध्यम से पौधारोपण के लिए जन-जन को प्रेरित करने का आह्वान किया।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रतिदिन पौधारोपण संकल्प के पाँच वर्ष पूर्ण होने पर NASC, नई दिल्ली में मनाया विशेष समारोह

कार्यक्रम में उपस्थित लखपति दीदियों से भी मंत्री ने आग्रह किया कि प्रत्येक दीदी कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास मिलकर एक बड़े परिवर्तन का आधार बनते हैं।

अंत में श्री चौहान ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे जन्मदिन जैसे प्रत्येक शुभ अवसर पर एक पौधा अवश्य लगाएँ, उसका संरक्षण करें और उसे परिवार के सदस्य की भांति पोषित करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि समाज के सहयोग और आशीर्वाद से यह पर्यावरण संरक्षण अभियान निरंतर आगे बढ़ेगा और देशव्यापी जन-आंदोलन का रूप लेगा।

×