25 जून, 2026, अयोध्या
केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने अयोध्या स्थित आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (एएनडीयूएटी) में “खेत बचाओ अभियान” के अंतर्गत आयोजित किसान चौपाल एवं किसान संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही तथा उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि राज्य मंत्री श्री बलदेव सिंह औलख भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की गरिमामयी उपस्थिति में डॉ. एम.एल. जाट, सचिव, डेयर एवं महानिदेशक, भाकृअनुप; डॉ. राजबीर सिंह, उप-महानिदेशक (कृषि प्रसार), भाकृअनुप; श्री रविंद्र, प्रमुख सचिव (कृषि), उत्तर प्रदेश सरकार; डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, कुलपति, एएनडीयूएटी, अयोध्या; तथा डॉ. रघवेंद्र सिंह, निदेशक, भाकृअनुप-अटारी, कानपुर, भी शामिल रहे।
अयोध्या जिले तथा आसपास के क्षेत्रों के किसानों ने कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लिया। श्री शिवराज सिंह चौहान एवं श्री सूर्य प्रताप शाही ने किसानों के साथ संवाद किया तथा मृदा स्वास्थ्य, उर्वरकों के संतुलित उपयोग, कृषि संबंधी चुनौतियों तथा किसानों की आय बढ़ाने की रणनीतियों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।

कार्यक्रम में प्राकृतिक खेती एवं मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। विशेषज्ञों ने किसानों को प्राकृतिक खेती, जीवामृत एवं अन्य जैविक आदानों के उपयोग, दलहन, धान, सब्जियों एवं फलों की खेती, मत्स्य पालन तथा प्राकृतिक खेती आधारित समेकित कृषि प्रणालियों पर प्रशिक्षण प्रदान किया। सभी गणमान्य अतिथियों एवं किसानों ने प्रदर्शन इकाइयों का अवलोकन भी किया। प्रगतिशील किसानों ने अपने अनुभव साझा किए तथा प्राकृतिक खेती अपनाने से प्राप्त होने वाले लाभों पर प्रकाश डाला।
(स्रोत: भाकृअनुप-कृषि प्रौद्योगिकी अनुप्रयोग अनुसंधान संस्थान, जोन-III, कानपुर)







फेसबुक पर लाइक करें
यूट्यूब पर सदस्यता लें
X पर फॉलो करना X
इंस्टाग्राम पर लाइक करें