7 सितंबर,, 2026, जयपुर
जयपुर जिले के बस्सी झाझड़ा गांव में आज भाकृअनुप-राष्ट्रीय समेकित नाशीजीव प्रबंधन अनुसंधान संस्थान, नई दिल्ली तथा एसकेएनएयू, दुर्गापुरा, जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में संरक्षित खेती आधारित एकीकृत कीट प्रबंधन (IPM) मॉडल पर ग्रामीण किसानों के लिए सम्मेलन का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रो. पी.एस. चौहान, कुलपति, एसकेएनएयू, जोबनेर, ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि संरक्षित खेती में IPM तकनीक अपनाने से उत्पादन लागत घटेगी, फसल की गुणवत्ता बढ़ेगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने वैज्ञानिकों तथा किसानों के बीच संवाद को और मजबूत करने पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वैज्ञानिकों ने पॉलीहाउस में कीट एवं रोग प्रबंधन पर व्याख्यान प्रस्तुत किए। डॉ. श्रवण मनभर हलधर ने “पॉलीहाउस में समेकित नाशीजीव प्रबंधन: आखिर क्यों और कैसे” विषय पर किसानों को जानकारी दी। डॉ. बी.एल. जाखड़ ने मिट्टी के आर्थ्रोपोड्स नियंत्रण पर प्रकाश डाला। डॉ. अजंता बिराह ने जैविक नियंत्रण द्वारा कीट प्रबंधन, जबकि डॉ. प्रभु नारायण मीना ने रोग नियंत्रण पर व्याख्यान दिया। डॉ. मनोज चौधरी ने सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) द्वारा नाशीजीव नियंत्रण की संभावनाओं पर चर्चा की।

जैव-इनपुट का वितरण भी इस कार्यक्रम में किया गया। इन जैव-इनपुट्स वितरण का उद्देश्य किसानों को रासायनिक कीटनाशकों के विकल्प उपलब्ध कराना तथा पर्यावरण-अनुकूल खेती को बढ़ावा देना था। इस वितरण में प्रगतिशील किसानों की सक्रिय भागीदारी रही। विशेष रूप से श्री दिनेश निठारवाल (सरपंच), श्री खेमा राम चौधरी, श्री रमेश्वर हरितवाल, श्री ओमप्रकाश जांगू, श्री एल. एन. कुमावत तथा श्री राजकुमार यादव ने किसानों को जैव-इनपुट के प्रयोग की तकनीकी जानकारी साझा की और अपने अनुभव भी बताए।
कार्यक्रम की अगली कड़ी में, डीडी किसान कृषि चौपाल, नई दिल्ली का कार्यक्रम हुआ, जिसमें वैज्ञानिकों और प्रगतिशील किसानों ने “जैविक नियंत्रण द्वारा पॉलीहाउस में जहर-मुक्त खेती” विषय पर चर्चा की। किसानों को वैज्ञानिक जानकारी प्रदान कर जैव-इनपुट्स के व्यावहारिक उपयोग से भी परिचित कराया। साथ ही कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में टिकाऊ एवं पर्यावरण-अनुकूल खेती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।
(स्रोत: भाकृअनुप-राष्ट्रीय समेकित नाशीजीव प्रबंधन अनुसंधान संस्थान, नई दिल्ली)







फेसबुक पर लाइक करें
यूट्यूब पर सदस्यता लें
X पर फॉलो करना X
इंस्टाग्राम पर लाइक करें