This is Beta Website, Contents of the website is being updated....

Emblem_of_India
Department of Agriculture Research & Education Ministry of Agriculture & Farmers Welfare Government of India
भाकृअनुप-विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान में ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ की कार्ययोजना हेतु बैठक का आयोजन

5 जून, 2025, अल्मोड़ा

भाकृअनुप-विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा में दिनांक 27 मई, 2025 को माननीय कृषि मंत्री महोदय द्वारा आहूत ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा के सम्‍बन्‍ध में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्‍न कृषि एवं रेखीय विभागों से आए आगंतुकों के साथ इस अभियान की कार्ययोजना तथा विभागों के साथ समन्‍वयन पर चर्चा की गयी। इस बैठक में संस्‍थान के निदेशक डॉ. लक्ष्‍मीकान्‍त के साथ श्री वी. के. शर्मा, मुख्‍य कृषि अधिकारी, अल्‍मोड़ा, डॉ. नरेन्‍द्र कुमार, मुख्‍य उद्यान अधिकारी, अल्‍मोड़ा, डॉ. आर. के. शर्मा, प्रमुख, कृषि विज्ञान केन्‍द्र, मटेला, अल्‍मोड़ा, संस्थान की वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं नोडल अधिकारी डॉ. कुशाग्रा जोशी के अतिरिक्‍त संस्‍थान के वैज्ञानिक व सम्‍बन्धित विभागों के कार्मिक भी सम्मिलित हुए।

 

संस्थान के निदेशक डॉ. लक्ष्‍मीकान्‍त ने बताया कि यह अभियान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की प्रेरणा से चल रहे विकसित भारत संकल्प यात्रा का हिस्सा है, और इसका उद्देश्य किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, सरकारी योजनाओं और नवाचारों से अवगत कराना है। इस अभियान के तहत अल्मोड़ा जनपद के 414 गांवों में लगभग 40,500 किसानों से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा। अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए संस्थान ने 7 टीमों का गठन किया गया है, जिनमें संस्थान के विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, तकनीकी स्टाफ और कृषि विभाग एवं बागवानी विभाग के प्रतिनिधि शामिल हैं। एक टीम चमोली जिले के जनजाति बाहुल्य क्षेत्रों के ग्यारह गाँवों में अभियान का आयोजन करेगी। उन्‍होंने अपने वक्‍तव्‍य में बताया कि इस अभियान में सभी सम्‍बन्धित विभाग एक टीम की तरह कार्य करेंगे तथा कृषकों की प्रतिक्रिया निर्धारित प्रारूप में भरकर उपलब्‍ध करायेंगे ताकि भविष्‍य में इन प्रतिक्रियाओं के आधार पर कृषि रणनीति में परिवर्तन कर देश को कृषि उत्‍पादन में सुदृढ़ बनाया जा सके।

इस अभियान के द्वारा केन्‍द्र एवं राज्‍य सरकार द्वारा कृषि एवं सम्‍बन्धित विभागों द्वारा चलाई जाने वाली विभिन्‍न योजनाओं, खरीफ मौसम में उगाई जाने वाली फसलों के उन्‍नतशील बीजों एवं तकनीकों, खरीफ फसलों से सम्‍बन्धित समस्‍याओं, मृदा स्‍वास्‍थ्‍य कार्ड के लाभ, प्राकृतिक खेती का प्रचार एवं प्रसार किए जाने तथा कृषकों के नवाचार से सम्‍बन्धित जानकारी लेने हेतु रणनीति पर विचार विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान अल्मोड़ा जिले के मुख्य कृषि अधिकारी श्री वी. के. शर्मा, मुख्‍य उद्यान अधिकारी डॉ. नरेन्‍द्र कुमार एवं कृषि विज्ञान केन्‍द्र, मटेला, अल्‍मोड़ा के प्रमुख डॉ. आर. के. शर्मा ने अपने-अपने विभागों से सम्‍बन्धित इस अभियान के तहत कृषकों को दी जाने वाली जानकारी व उनके सफल संपादन की रणनीति से अवगत कराया।

संस्थान की वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं नोडल अधिकारी डा कुशाग्रा जोशी ने बताया कि कृषि वैज्ञानिकों/विशेषज्ञों से इस अभियान के माध्‍यम से कृषकों से सीधे जुड़ने का आह्वान करते हुए उन्‍हें कृषकों से उनकी प्रतिक्रिया निर्धारित प्रारूप में भरने सम्‍बन्‍धी जानकारी दी।

(स्रोतः भाकृअनुप-विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा)