This is Beta Website, Contents of the website is being updated....

Emblem_of_India
Department of Agriculture Research & Education Ministry of Agriculture & Farmers Welfare Government of India
केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह की पहल पर शुरू किया गया विकसित कृषि संकल्प अभियान पूरे देश में चलाया जाएगा

यह अभियान 29 मई को केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह की उपस्थिति में ओडिशा के पुरी से शुरू होगा।

15 दिवसीय अभियान के दौरान केन्द्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान लगभग 20 राज्यों का दौरा करेंगे।

इस अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के “लैब टू लैंड” विजन और विकसित भारत की अवधारणा को साकार करना है।

कुल 2,170 टीमें 700 से अधिक जिलों, 65,000 गांवों और लगभग 1.5 करोड़ किसानों तक पहुंचेंगी।

27 मई, 2025, नई दिल्ली

केन्द्रीय कृषि, किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा शुरू किए गए राष्ट्रव्यापी ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इस अभियान का शुभारंभ 29 मई, 2025 को ओडिशा के पुरी की पावन धरती से केन्द्रीय मंत्री की मौजूदगी में किया जाएगा। 15 दिनों तक चलने वाले इस व्यापक अभियान के दौरान श्री चौहान करीब 20 राज्यों की यात्रा करेंगे तथा किसानों व वैज्ञानिकों से सीधा संवाद कर उन्हें प्रेरित करेंगे।

29 मई को ओडिशा में शुभारंभ के बाद, श्री चौहान 12 जून तक जम्मू, राजस्थान, गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, असम, मेघालय, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली और छत्तीसगढ़ का दौरा करेंगे और किसानों तथा वैज्ञानिक टीमों के साथ बातचीत करेंगे।

इस अभियान का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख खरीफ फसलों के लिए आधुनिक प्रौद्योगिकियों के बारे में किसानों को शिक्षित करना, लाभकारी सरकारी योजनाओं और नीतियों के बारे में जागरूकता बढ़ाना, फसल चयन और संतुलित उर्वरक अनुप्रयोग के लिए मृदा स्वास्थ्य कार्ड के उपयोग के बारे में किसानों का मार्गदर्शन करना तथा किसान-नेतृत्व वाले नवाचारों को समझने के लिए फीडबैक एकत्र करना और तदनुसार अनुसंधान दिशाओं को संचालित करना है।

खरीफ सीजन से पहले किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (भाकृअनुप) और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा राज्य सरकारों के सहयोग से 29 मई से 12 जून तक 700 से अधिक जिलों में ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इस दौरान वैज्ञानिक दल गांवों में जाकर किसानों से सीधे संपर्क करेंगे। इस अभियान में सभी 731 कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), सभी 113 भाकृअनुप संस्थान, कृषि, बागवानी, पशुपालन तथा मत्स्य पालन के राज्य स्तरीय विभागों के अधिकारी, साथ ही प्रगतिशील किसान और अन्य कृषि हितधारक शामिल होंगे।

इस अभियान का उद्देश्य विभिन्न राज्यों के लगभग 1.5 करोड़ किसानों तक सीधे पहुंचना तथा उनसे संवाद करना है, साथ ही प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के "लैब टू लैंड" के दृष्टिकोण को क्रियान्वित करना है। केन्द्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के अनुसार, यह अभियान विकसित कृषि के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने और विकसित भारत के व्यापक दृष्टिकोण को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

(स्रोत: भाकृअनुप-कृषि ज्ञान प्रबंधन निदेशालय, नई दिल्ली)