28 अप्रैल, 2026, आनंद, गुजरात
भाकृअनुप–औषधीय एवं सुगंधित पौधा अनुसंधान निदेशालय (डीएमएपीआर), आनंद, गुजरात, ने वैश्विक थीम “आईपी और खेल: रेडी, सेट, इनोवेट” के अनुरूप विश्व बौद्धिक संपदा (आईपी) दिवस 2026 मनाया। इस अवसर पर “भारत की समृद्धि में कृषि में बौद्धिक संपदा की संभावनाएं एवं विशेषताएँ” विषय पर एक विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किया गया।
विशेष अतिथि के रूप में सरदार पटेल विश्वविद्यालय, वल्लभ विद्यानगर, गुजरात के विधि विभाग की अध्यक्ष डॉ. ममता करकर ने व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने तथा व्यावसायिक विकास को प्रोत्साहित करने में बौद्धिक संपदा अधिकारों (आईपीआर) की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने बौद्धिक संपदा संरक्षण से संबंधित विभिन्न अधिनियमों एवं नियमों की जानकारी दी तथा उल्लंघन (इनफ्रिंजमेंट) के मामलों और अधिकार प्रदान करने में हितों के टकराव जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. मनीष दास, निदेशक, भाकृअनुप–डीएमएपीआर, ने की। उन्होंने कृषि एवं खेल दोनों क्षेत्रों में नवाचार को बढ़ावा देने में बौद्धिक संपदा के महत्व को रेखांकित किया तथा संस्थान द्वारा आईपी संरक्षण को मजबूत करने हेतु किए जा रहे विभिन्न प्रयासों की जानकारी दी।
इस कार्यक्रम में लगभग 40 प्रतिभागियों, जिनमें वैज्ञानिक, तकनीकी, प्रशासनिक एवं सहयोगी कर्मचारी तथा अनुसंधान फेलो ने शिरकत की। सत्र का समापन एक संवादात्मक चर्चा के साथ हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने आईपी दाखिल करने एवं प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विशेषज्ञ से विचार-विमर्श किया।
(स्रोत: भाकृअनुप–औषधीय एवं सुगंधित पौधा अनुसंधान निदेशालय, आणंद, गुजरात)







फेसबुक पर लाइक करें
यूट्यूब पर सदस्यता लें
X पर फॉलो करना X
इंस्टाग्राम पर लाइक करें