पूसा, दिल्ली में केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अगुवाई में पर्यावरण संरक्षण का महासंकल्प: वृक्ष मित्रों के जनआंदोलन से हरित भारत के नये अध्याय की शुरुआत

पूसा, दिल्ली में केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अगुवाई में पर्यावरण संरक्षण का महासंकल्प: वृक्ष मित्रों के जनआंदोलन से हरित भारत के नये अध्याय की शुरुआत

देशभर के वृक्ष मित्रों के साथ संवाद में केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिया हरित भारत का संदेश

हर साल एक पेड़ और पाँच नए साथी, केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह द्वारा पर्यावरण बचाने की व्यक्तिगत जिम्मेदारी पर ज़ोर

‘वृक्ष मित्र परिवार’ का राष्ट्रीय ढांचा बनेगा, गाँव से लेकर राष्ट्र स्तर तक संगठित अभियान- शिवराज सिंह

हरियाली अमावस्या पर होगा देशव्यापी वृक्षारोपण, परंपरा को बनाया जाएगा पेड़ पर्व- शिवराज सिंह चौहान

पंचायतों और नगर निकायों में निर्धारित प्लांटेशन स्थल, पेड़ लगाने के साथ सुरक्षा की भी गारंटी- शिवराज सिंह

जल, मिट्टी और संतुलित खेती पर फोकस, केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह द्वारा भविष्य की कृषि और किसान के जीवन को सुरक्षित करने की पहल

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मिशन लाइफ, ऊर्जा बचत और प्लास्टिक मुक्त जीवन से पर्यावरण संरक्षण को रोजमर्रा की आदत बनाने की शिवराज ने की अपील

क्लाइमेट चेंज पर वैज्ञानिक चेतावनी, पर्यावरणविद श्री अनिल जोशी और डॉ. अनूप हजेला ने व्यवहार में बदलाव और ‘एक पेड़ पालने’ का दिया संदेश

12 जुलाई, 2026, नई दिल्ली

नई दिल्ली के पूसा परिसर में आयोजित “पर्यावरण संरक्षण संकल्प कार्यक्रम और वृक्ष मित्र संवाद” में केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देशभर से जुड़े लगभग 17 हज़ार वृक्ष मित्रों के बीच पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का बड़ा संकल्प रखा। कार्यक्रम में श्री अनिल जोशी, पद्म भूषण पर्यावरणविद्, डॉ. अनूप हजेला, प्रख्यात चिकित्सक व समाजसेवी, डॉ. एम.एल. जाट, महानिदेशक, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, और देश के विभिन्न राज्यों से आए सैकड़ों वृक्ष मित्र प्रत्यक्ष रूप से शामिल हुए, जबकि हजारों साथी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे; सभी ने मिलकर पेड़, पानी, मिट्टी, ऊर्जा बचत और प्लास्टिक मुक्त जीवन को जनभागीदारी से जोड़कर धरती को बचाने का साझा संदेश दिया।

 

केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वृक्ष मित्रों से मिले सुझावों और संवाद के आधार पर पर्यावरण संरक्षण को ठोस जनआंदोलन का रूप देने के लिए साफ–सुथरी रूपरेखा सामने रखी। उन्होंने निर्णय लिया कि हर परिवार जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ, बच्चों के जन्म, माता–पिता की पुण्य स्मृति जैसे हर अवसर पर पेड़ लगाकर इन्हें “वृक्ष पर्व” में बदलेगा, ताकि धीरे–धीरे यह परंपरा घर–घर की आदत बन जाए। हर वृक्ष मित्र साल में कम से कम एक पेड़ लगाएगा और कम से कम पाँच नए लोगों को इस अभियान से जोड़ने का संकल्प लेगा, जिसकी सार्वजनिक घोषणा सोशल मीडिया पर अपने पोस्ट के माध्यम से की जाएगी, ताकि 12 अगस्त की हरियाली अमावस्या तक एक मजबूत नेटवर्क तैयार हो सके।

वृक्ष मित्र जनआंदोलन से धरती बचाने का संकल्प

केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने संबोधन की शुरुआत पर्यावरण संकट की गंभीरता पर विस्तार से करते हुए की। उन्होंने साफ कहा कि यह केवल पर्यावरण का प्रश्न नहीं, बल्कि मानव अस्तित्व का संकट है- समुद्र का बढ़ता स्तर, बढ़ती गर्मी, प्रदूषित हवा, खराब पानी और तेजी से खत्म हो रही जैव विविधता आने वाली पीढ़ियों के जीवन पर सीधा खतरा बनकर खड़ी है। उन्होंने दुनियाभर में हो रही घटनाओं और वैज्ञानिक तथ्यों का हवाला देते हुए कहा कि यदि अभी से ठोस कदम नहीं उठाए गए तो 2050 और उसके बाद की तस्वीर बेहद चिंताजनक हो सकती है।

 

हर साल एक पेड़ लगाने का संकल्प, वृक्ष मित्र पाँच नए साथी जोड़ेंगे

शिवराज सिंह चौहान ने पूरे कार्यक्रम को सिर्फ भाषण तक सीमित न रखते हुए स्पष्ट कहा कि आज यहाँ से तय करके उठना है कि हम क्या करेंगे। उन्होंने अनेक वृक्ष मित्रों से सुझाव लेते हुए बेहद सीधा और सरल संकल्प रखा- साल में कम से कम एक पेड़ लगाना और कम से कम पाँच नए लोगों को पेड़ लगाने के अभियान से जोड़ना। उन्होंने सुझाव दिया कि कोई भी व्यक्ति अपने जन्मदिन, शादी की सालगिरह, बच्चों के जन्मदिन या माता–पिता की पुण्य स्मृति जैसे अवसरों पर एक पेड़ जरूर लगाए, यही व्यक्तिगत कदम आगे चलकर सामूहिक ताकत बनेंगे। उनके साथ हॉल में मौजूद सभी वृक्ष मित्रों ने इस बारे में संकल्प लिया।

‘वृक्ष मित्र परिवार’ का राष्ट्रीय ढांचा बनेगा, राष्ट्रस्तरीय अभियान

केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने घोषणा की कि वृक्षारोपण के प्रयासों को बिखरे हुए और अलग–अलग पहल के रूप में नहीं छोड़ा जाएगा, बल्कि “वृक्ष मित्र परिवार” के नाम से एक संगठित नेटवर्क बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कोई संगठन नहीं, बल्कि एक परिवार होगा- भाई–बहन, बेटे–बेटियाँ, मामा–भांजे–भांजियाँ जो पेड़ लगाने और बचाने के लिए एक साझा भाव से जुड़े होंगे। उन्होंने प्रस्ताव रखा कि वृक्ष मित्र परिवार की राष्ट्रीय इकाई बने, फिर हर राज्य, हर ज़िले, हर ब्लॉक और आगे चलकर गाँव स्तर तक इसकी इकाइयाँ बनाई जाएँ, ताकि योजना, मॉनिटरिंग और समन्वय आसान हो सके।

हरियाली अमावस्या पर देशव्यापी वृक्षारोपण

शिवराज सिंह चौहान ने भारतीय संस्कृति में पेड़ और जल के महत्व का उल्लेख करते हुए “हरियाली अमावस्या” को विशेष रूप से याद दिलाया। उन्होंने कहा कि हमारी परंपरा ने पहले ही पेड़, तालाब और जलाशय को पुत्र से भी अधिक महत्व दिया है- “एक वृक्ष दस पुत्रों के बराबर” जैसी कथन हमारी सोच का प्रमाण हैं। इसी सांस्कृतिक आधार पर उन्होंने प्रस्ताव रखा कि इस वर्ष 12 अगस्त को आने वाली हरियाली अमावस्या पर वृक्ष मित्र परिवार का पहला बड़ा राष्ट्रीय कार्यक्रम होगा।

 

पंचायतों और नगर निकायों में पेड़ लगाने के साथ सुरक्षा की भी गारंटी

केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पेड़ लगाने से अधिक पेड़ की सुरक्षा पर ज़ोर दिया। उन्होंने साफ कहा कि आज सबसे बड़ा संकट यह है कि कहीं पेड़ तो लगा दिए जाते हैं, फोटो भी खिंच जाती है, लेकिन कोई यह देखने वापस नहीं जाता कि पेड़ जिंदा है या नहीं, उसे पानी मिल रहा है या नहीं, उसे जानवरों से बचाया गया या नहीं। उन्होंने कहा कि यह प्रवृत्ति बदलनी होगी- पेड़ लगा देना नहीं, बड़ा करना लक्ष्य होना चाहिए।

इसी संदर्भ में उन्होंने सुझाव दिया कि हर पंचायत अपने क्षेत्र में दो–तीन एकड़ भूमि चिन्हित कर “वृक्ष मित्र स्थल” बनाए, जहाँ नियमित रूप से पेड़ लगें और उनकी देखभाल सामूहिक जिम्मेदारी बने। इसी तरह, हर नगर पंचायत, नगर निगम और शहरी निकाय भी अपने–अपने क्षेत्र में कई स्थान तय करे, जहाँ वृक्षारोपण किया जाए और उसकी निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि जब पंचायत और नगर निकाय जगह और व्यवस्था देंगे और वृक्ष मित्र परिवार पेड़ और देखभाल की जिम्मेदारी लेगा, तब पेड़ सुरक्षित रहेंगे और हर साल लगने वाले पौधे वास्तव में हरित भारत की पूँजी बनेंगे।

भविष्य की कृषि और किसान के जीवन को सुरक्षित करने की पहल

अपने संबोधन में शिवराज सिंह चौहान ने पर्यावरण संरक्षण को सीधे कृषि और किसान के भविष्य से जोड़ा। उन्होंने कहा कि आज किसान के लिए सबसे बड़े सवाल केवल बीज और खाद नहीं हैं, बल्कि पानी की उपलब्धता, मिट्टी की गुणवत्ता और खेत की दीर्घकालिक सेहत हैं। उन्होंने यह भी संकेत किया कि असंतुलित रसायन प्रयोग और अंधाधुंध दोहन से मिट्टी की उर्वरा शक्ति घट रही है, जिससे न केवल उत्पादन प्रभावित हो रहा है, बल्कि फसल की गुणवत्ता और लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि खेत बचाने के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सामाजिक भागीदारी दोनों की ज़रूरत है, ताकि भविष्य में कृषि उत्पादन और किसान का जीवन किसी बड़े पर्यावरणीय संकट के सामने असुरक्षित न रह जाए।

मिशन लाइफ, ऊर्जा बचत और प्लास्टिक मुक्त जीवन से पर्यावरण संरक्षण

केन्द्रीय मंत्री श्री चौहान ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “मिशन लाइफ (Lifestyle for Environment)” का उल्लेख करते हुए कहा कि पर्यावरण के लिए जीवनशैली बदलना सबसे प्रभावी और स्थायी समाधान है। उन्होंने कहा कि कमरे से निकलते समय बिजली बंद करना, नल टपक रहा हो तो तुरंत ठीक कराना, पानी बर्बाद न करना, गीले–सूखे कचरे को अलग करना, प्लास्टिक की थैलियों से बचना और भोजन में मोटे अनाज व स्थानीय उत्पादों को शामिल करना- ये सब छोटे कदम हैं, लेकिन इनके प्रभाव बहुत बड़े हैं।

शिवराज सिंह चौहान ने डॉ. अनूप हजेला द्वारा बताई गई ऊर्जा बचत उपायों से सहमति जताते हुए कहा कि LED लाइट्स, BLDc फैन, ऊर्जा कुशल एसी और रेफ्रिजरेटर का प्रयोग केवल बिल कम करने के लिए नहीं, बल्कि पर्यावरण के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जैसे–जैसे इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या बढ़ेगी, ऊर्जा उत्पादन और बचत दोनों ही बड़े मुद्दे बनेंगे, इसलिए अभी से हर घर, हर संस्थान में ऊर्जा बचत करने वाले उपकरणों को अपनाना और प्लास्टिक को जीवन से बाहर करना ज़रूरी है, तभी मिशन लाइफ का असली प्रभाव दिखेगा।

    

अनिल जोशी और डॉ. हजेला ने व्यवहार में बदलाव और ‘एक पेड़ पालने’ का संदेश दिया

पद्म भूषण पर्यावरणविद् अनिल जोशी ने शिवराज सिंह चौहान के वृक्षारोपण संकल्प को केवल पेड़ लगाने की गतिविधि नहीं, बल्कि एक लंबा और प्रेरक विचार बताया। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान का जीवन और व्यवहार दिखाता है कि सत्ता में रहते हुए भी कोई व्यक्ति सादगी, संवेदनशीलता और प्रकृति–प्रेम के साथ काम कर सकता है और यही चीज उन्हें विशेष बनाती है। उन्होंने कहा कि वे वर्षों से शिवराज सिंह के काम को देख रहे हैं और उन्होंने पाया है कि उनके व्यक्तित्व में कोई स्वार्थी मोड़ नहीं, बल्कि लगातार समाज और पर्यावरण के लिए काम करने की वृत्ति है, जो सस्टेनेबिलिटी का मूल है।

अनिल जोशी ने यह भी बताया कि IIT के वैज्ञानिकों ने शिवराज सिंह चौहान के वृक्षारोपण और पर्यावरणीय कार्यों का वैज्ञानिक अध्ययन शुरू किया है, जिसमें रिमोट सेंसिंग और अन्य तकनीकी साधनों से देखा जाएगा कि उनके लगाए पेड़ों और चलाए अभियान ने धरातल पर क्या बदलाव पैदा किए हैं। उन्होंने कहा कि यह अध्ययन भविष्य में नीति–निर्माताओं, सामाजिक संगठनों और संसद में बैठे जनप्रतिनिधियों के लिए एक “स्टडी केस” होगा, जिससे वे समझ सकेंगे कि कैसे निरंतर, सादगीपूर्ण और जन–आधारित प्रयास से पर्यावरण में ठोस सुधार लाया जा सकता है।

प्रख्यात चिकित्सक और समाजसेवी डॉ. अनूप हजेला ने क्लाइमेट चेंज और सस्टेनेबिलिटी को बेहद सरल भाषा में समझाते हुए कहा कि दुनियाभर में बढ़ती गर्मी, फेल होते सिस्टम, रुकती परेड और टूटती स्वास्थ्य–व्यवस्थाएँ दिखाती हैं कि यह संकट किसी एक देश या शहर तक सीमित नहीं है। उन्होंने ऊर्जा बचत, पानी के Reduce– Reuse– Recycle मॉडल, ग्रे–वॉटर के उपयोग, पेपर और प्लास्टिक के कम से कम प्रयोग और रीसाइक्लिंग को क्लाइमेट चेंज से निपटने के प्रमुख वर्टिकल बताया। डॉ. हजेला ने “एक पेड़ लगाओ, एक पेड़ पालो” का संदेश दिया।

(स्रोतः कृषि भवन, नई दिल्ली)

×