खेत बचाओ अभियान के तहत सल्ला गांव में किसानों को किया गया जागरूक

खेत बचाओ अभियान के तहत सल्ला गांव में किसानों को किया गया जागरूक

विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा द्वारा संस्थान के निदेशक डॉ. लक्ष्मी कान्त के दिशानिर्देशों के अनुसार चल रहे ‘खेत बचाओ अभियान’ के अंतर्गत जनपद अल्मोड़ा के भैंसियाछाना विकासखंड स्थित सल्ला गांव में कृषक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

 

कार्यक्रम के दौरान डॉ. जे.पी. आदित्य, वैज्ञानिक, वीपीकेएएस, ने खेत बचाओ अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए टिकाऊ कृषि उत्पादन के लिए मृदा स्वास्थ्य संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने तथा फसलों से बेहतर उत्पादन प्राप्त करने के लिए मृदा परीक्षण के आधार पर पोषक तत्वों का प्रबंधन एवं उर्वरकों का संतुलित उपयोग अत्यंत आवश्यक है।

किसानों को मिट्टी के नमूने एकत्र करने की सही विधि के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि मृदा परीक्षण के विश्वसनीय परिणाम प्राप्त हो सकें तथा फसलों की आवश्यकता के अनुसार उर्वरकों का उचित उपयोग किया जा सके। इसके अतिरिक्त, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ कृषि उत्पादकता बढ़ाने के लिए वैकल्पिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने पर भी जोर दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान किसानों के साथ संवाद कर गांव में कृषि उत्पादन से जुड़ी प्रमुख समस्याओं की जानकारी प्राप्त की गई। किसानों ने बताया कि क्षेत्र में जंगली जानवरों द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाना तथा सफेद गिडार (व्हाइट ग्रब) का प्रकोप खेती की प्रमुख समस्याएं हैं। इन समस्याओं के कारण किसानों को फसल उत्पादन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

12 प्रतिभागियों (10 पुरुष एवं 2 महिला) कृषक ने कार्यक्रम में प्रतिभागिता की।

कार्यक्रम का समन्वयन एवं सफल आयोजन में डॉ. बी.एम. पांडे, डॉ. जे.पी. आदित्य एवं डॉ. कामिनी बिष्ट तथा सुश्री वर्षा चौहान का विशिष्ट योगदान रहा।

(भाकृअनुप-वीपीकेएएस, अल्मोड़ा)

 

×