6 नवंबर, 2026, अल्मोड़ा
जनजातीय गौरव दिवस के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में किसानों को पर्वतीय कृषि में कृषि यंत्रीकरण की आवश्यकता, इसकी प्रमुख चुनौतियों तथा आधुनिक कृषि यंत्रों एवं तकनीकों के लाभों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। यह कार्यक्रम संस्थान के डॉ लक्ष्मी कान्त, निदेशक, वीपीकेएएस, के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक चलाया जा रहा है। इस अवसर पर डॉ. मनोज कुमार, वरिष्ठ वैज्ञानिक, वीपीकेएएस, ने पावरपॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से किसानों को संबोधित किया। उन्होंने सर्वप्रथम पर्वतीय क्षेत्रों में कृषि यंत्रीकरण की प्रमुख बाधाओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि विषम भौगोलिक परिस्थितियां, छोटे एवं बिखरे हुए खेत, ढलानदार भूमि तथा कृषि यंत्रों की उपलब्धता एवं उनके संचालन में आने वाली कठिनाइयां पर्वतीय कृषि के यंत्रीकरण में प्रमुख चुनौतियां हैं।

उन्होंने उत्तराखंड में जनपदवार कृषि शक्ति उपलब्धता की स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य के अधिकांश पर्वतीय जनपदों में कृषि शक्ति की उपलब्धता 1 किलोवाट प्रति हेक्टेयर से कम है। नैनीताल, हरिद्वार, पिथौरागढ़ एवं देहरादून जैसे कुछ जनपदों में यह स्तर 1 किलोवाट प्रति हैक्टर से अधिक है, जिसका प्रमुख कारण इन जनपदों के मैदानी क्षेत्रों में कृषि यंत्रीकरण की अपेक्षाकृत बेहतर स्थिति है।
डॉ. मनोज कुमार ने संस्थान द्वारा विकसित विभिन्न कृषि यंत्रों एवं तकनीकों की जानकारी देते हुए वीएल स्मॉल टूल किट, वीएल मल्च-कम-इनलाइन ड्रिप लेइंग मशीन, वीएल पैडी थ्रेशर, वीएल मिलेट थ्रेशर-कम-पर्लर, वीएल पॉलीटनल तथा वीएल सोलर ड्रायर की उपयोगिता एवं लाभों के बारे में बताया।
प्रस्तुतीकरण के पश्चात किसानों के साथ संवाद एवं चर्चा के दौरान स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप कृषि यंत्रीकरण एवं तकनीकी विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव सामने आए। बाम्पा गांव के श्री हरीश नेगी ने बताया कि दूरस्थ पर्वतीय गांवों में पेट्रोल एवं डीजल से संचालित कृषि यंत्रों का उपयोग करना काफी कठिन है, क्योंकि ईंधन की उपलब्धता तथा इन यंत्रों को गांव तक पहुंचाना एक चुनौतीपूर्ण कार्य है। उन्होंने सुझाव दिया कि पर्वतीय क्षेत्रों के लिए अधिक से अधिक सौर ऊर्जा आधारित एवं बैटरी संचालित कृषि यंत्र विकसित किए जाने चाहिए। इससे उन खेतों में भी जुताई संभव हो सकेगी, जहां पावर वीडर एवं पावर टिलर जैसे यंत्र नहीं पहुंच पाते हैं।

गमशाली गांव की श्रीमती रुक्मिणी देवी ने सिंचाई की समस्या के समाधान के लिए सौर ऊर्जा संचालित पंप की व्यवस्था किए जाने का सुझाव दिया। उन्होंने बताया कि यदि गांव में सोलर पावर पंप स्थापित किया जाता है, तो इससे लगभग 12–13 परिवारों को सामूहिक रूप से सिंचाई की सुविधा मिल सकती है। इसी क्रम में गांव के एक अन्य प्रगतिशील कृषक ने अपने नवाचार एवं अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने इस वर्ष राजमा की सूखी डंठलों पर ऑयस्टर मशरूम का उत्पादन किया है तथा आगामी वर्ष में मटर की सूखी डंठलों पर भी मशरूम उत्पादन का प्रयास करेंगे।
किसानों द्वारा प्रस्तुत इन सुझावों से स्पष्ट हुआ कि दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में कृषि यंत्रीकरण को सफल बनाने के लिए स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों, ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों, उपलब्ध पशुधन तथा किसानों की वास्तविक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तकनीकों का विकास एवं प्रसार आवश्यक है।
कार्यक्रम में 10 जनजातीय किसानों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा संस्थान द्वारा विकसित तकनीकों एवं भविष्य में पर्वतीय कृषि के लिए आवश्यक नवाचारों पर अपने विचार साझा किए।
इस कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. बृज मोहन पांडे द्वारा किया गया।
(स्रोतः भाकृअनुप-वीपीकेएएस, अल्मोड़ा)








Like on Facebook
Subscribe on Youtube
Follow on X X
Like on instagram