5 नवंबर, 2026, अल्मोड़ा
डॉ लक्ष्मी कान्त, निदेशक, भाकृअनुप-विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा, के दिशानिर्देशों के अनुरूप जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर एक ऑनलाइन किसान परिचर्चा एवं फीडबैक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनजातीय किसानों को संस्थान द्वारा उपलब्ध कराए गए कृषि निवेशों, तकनीकों एवं अन्य सुविधाओं के परिणामों की जानकारी प्राप्त करना तथा उनकी भविष्य की आवश्यकताओं एवं सुझावों को समझना था। कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. जे.पी. आदित्य, डॉ. राजेश खुल्बे एवं डॉ. बी.एम. पांडे द्वारा किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत में डॉ. बी.एम. पांडे ने किसानों को संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कृषि विकास गतिविधियों की जानकारी दी। इस परिचर्चा में मेरग, परसारी, कैलाशपुर, माणा एवं धनपौ गांवों के लगभग 30 किसानों ने प्रतिभाग किया।
परसारी गांव के श्री भूपाल सिंह मर्तोलिया ने संस्थान द्वारा उपलब्ध कराए गए बीज एवं सेब के पौधों की अच्छी सफलता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सेब के बगीचों को भालू एवं लंगूरों से काफी नुकसान हो रहा है। इसके विकल्प के रूप में कागजी नींबू एवं कीवी जैसे फलों को बढ़ावा देने का सुझाव दिया। उन्होंने फलों के बगीचों की सुरक्षा के लिए 80 प्रतिशत अनुदान पर तारबाड़ की व्यवस्था करने की आवश्यकता बताई।
किसानों की ऑनलाइन कार्यक्रमों में कम भागीदारी के संबंध में उन्होंने बताया कि क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की समस्या, जूम एप के संचालन में कठिनाई तथा कई महिला किसानों के पास एंड्रॉयड मोबाइल फोन उपलब्ध न होना इसके प्रमुख कारण हैं। इस सुझाव से भविष्य में प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रमों को अधिक सुलभ माध्यमों से आयोजित करने की आवश्यकता सामने आई।

कैलाशपुर गांव के श्री गौर सिंह ने संस्थान द्वारा उपलब्ध कराए गए सोलर ड्रायर की सराहना करते हुए बताया कि यह सी-बकथॉर्न के प्रसंस्करण के लिए काफी उपयोगी साबित हो रहा है। उन्होंने सेब के पेड़ों को भालू से होने वाले नुकसान को देखते हुए अखरोट की खेती की संभावनाओं पर विचार करने का सुझाव दिया। पिछले वर्ष उपलब्ध कराए गए कृषि निवेशों के संबंध में उन्होंने बताया कि इस बार पत्तागोभी में अपेक्षित परिणाम नहीं मिले तथा गांठ (हेड) का उचित विकास नहीं हुआ।
परसारी गांव की श्रीमती शालिनी देवी ने हींग की खेती में रुचि व्यक्त करते हुए इसके बीज एवं रोपण सामग्री उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उन्होंने कागजी नींबू एवं अखरोट की खेती को भी क्षेत्र के लिए उपयोगी विकल्प बताया।
धनपौ गांव के श्री नारायण सिंह तोमर ने बताया कि इस वर्ष संस्थान द्वारा क्षेत्र के विभिन्न गांवों के किसानों को गेहूं एवं लहसुन के बीज उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने संस्थान द्वारा किसानों को दिए जा रहे सहयोग के लिए सभी किसानों की ओर से आभार व्यक्त किया। इसी गांव की प्रगतिशील महिला किसान श्रीमती मीना देवी तोमर ने निकट भविष्य में धनपौ गांव के किसानों के लिए अखरोट एवं कागजी नींबू के पौधों की व्यवस्था करने का अनुरोध किया, जिससे क्षेत्र में फल उत्पादन एवं किसानों की आय बढ़ाने की संभावनाओं को प्रोत्साहन मिल सके।

मेरग गांव के श्री राहुल सिंह ने बताया कि क्षेत्र में किसान पत्तागोभी, धनिया एवं मूली की खेती कर रहे हैं। उन्होंने किसानों के बीच अदरक की खेती के लिए बीज की मांग होने की जानकारी देते हुए आगामी वर्ष के लिए अदरक का बीज उपलब्ध कराने का सुझाव दिया।
परसारी गांव के श्री देवेंद्र सिंह ने बताया कि इस वर्ष उनके द्वारा लगाई गई शिमला मिर्च एवं टमाटर की फसल काफी अच्छी रही। उन्होंने लहसुन की खेती भी शुरू की है तथा आगामी सीजन के लिए जीएस-10 मटर का बीज उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। माणा गांव के श्री टकोला ने भी संस्थान द्वारा किए जा रहे कृषि विकास कार्यों एवं गतिविधियों के प्रति संतोष व्यक्त किया।
इस परिचर्चा के दौरान किसानों से प्राप्त सुझावों में मिट्टी की जांच एवं मृदा स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध कराना, आलू, अदरक, हल्दी, मटर (जीएस-10), हींग एवं अन्य फसलों के गुणवत्तायुक्त बीज एवं रोपण सामग्री की उपलब्धता, अखरोट एवं कागजी नींबू जैसे वैकल्पिक फलदार पौधों को बढ़ावा देना तथा फलों के बगीचों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ की व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे।
(स्रोतः भाकृअनुप-विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा)








Like on Facebook
Subscribe on Youtube
Follow on X X
Like on instagram