2 नवंबर, 2026, लखनऊ
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के मार्गदर्शन में देशव्यापी स्तर पर संचालित 'खेत बचाओ अभियान' के तहत लखनऊ के चिनहट ब्लॉक के ग्राम पपनामऊ में भाकृअनुप-एनबीएफजीआर, केवीके, भाकृअनुप-आईएसआरआई एवं कृषि-विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार के संयुक्त प्रयास से आज एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 108 किसानों (70 महिलाओं और 38 पुरुषों) ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कृषि-विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार की अधिकारी श्रीमती अभिलाषा सिंह, भाकृअनुप-आईएसआरआई, केवीके के विषय विशेषज्ञ डॉ. भूपेंद्र सिंह व डॉ. राम लखन, और भाकृअनुप-एनबीएफजीआर के वैज्ञानिकों डॉ. पी. के. प्रधान व डॉ. जसप्रीत सिंह ने किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान उर्वरकों के संतुलित और विवेकपूर्ण उपयोग, रासायनिक खादों का कम से कम उपयोग करने तथा लंबी अवधि की मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के लिए जैविक एवं प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ने पर विस्तार से चर्चा की गई। किसानों को मृदा परीक्षण की प्रक्रियाओं, मृदा स्वास्थ्य कार्ड के लाभों के साथ-साथ केवीके एवं आईसीएआर की सेवाओं और नई सरकारी कृषि योजनाओं की जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त, ग्रामीण आजीविका संवर्धन और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर विशेष बल देते हुए स्वयं सहायता समूहों के गठन और उनके उत्पादों से आय अर्जित करने के तौर-तरीकों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही, कृषि आय में वृद्धि हेतु एकीकृत मछली पालन की संभावनाओं पर भी एक महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किया गया, और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए फसल अवशेष नहीं जलाने हेतु किसानों को प्रेरित किया गया।
(स्रोतः भाकृअनुप-एनबीएफजीआर, लखनऊ)








Like on Facebook
Subscribe on Youtube
Follow on X X
Like on instagram