15 अक्टूबर 2026, अल्मोड़ा
भाकृअनुप-विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (वीपीकेएएस), अल्मोड़ा में आज महिला किसान दिवस का आयोजन किया गया। डॉ लक्ष्मी कान्त, निदेशक, वीपीकेएएस, के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम उद्देश्य कृषि एवं ग्रामीण विकास में महिला कृषकों के योगदान को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों, कृषि आधारित आजीविका के विकल्पों एवं उद्यमिता के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ वसुधा पंत, अध्यक्ष, अल्मोड़ा अर्बन कोऑपरेटिव बैंक, अल्मोड़ा, उत्तराखंड ने सभी महिला उद्यमियों के प्रयासों एवं उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने उपस्थित महिला कृषकों को महिला वक्ताओं के अनुभवों से सीख लेने तथा उनसे प्रेरणा प्राप्त कर कृषि एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने, अपनी क्षमताओं को पहचानने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर श्रीमती सुनीता कश्यप, प्रबंध निदेशक, उमंग महिला प्रोड्यूसर कंपनी प्राइवेट लिमिटेड, श्रीमती प्रीति भण्डारीए संस्थापक, हिमगिरि नेचुरल प्राइवेट लिमिटेड, अल्मोड़ा, श्रीमती लीला देवी, कुमाऊँ खंड एग्रो इनोवेशन्स एंड हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड तथा श्रीमती नमिता टम्टा, सह-संस्थापक, बाबा एग्रोटेक प्राइवेट लिमिटेड ने अपने उद्यमशीलता के अनुभवों एवं उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी।
महिला कृषकों को कृषि आधारित उद्यम स्थापित करने, कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन करने तथा सामूहिक प्रयासों के माध्यम से आजीविका के नए अवसर विकसित करने हेतु सभी ने मिसकर अपने संबोधन से प्रेरित किया।

स्वागत संबोधन में डॉ कुशाग्रा जोशी, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं सामाजिक विज्ञान अनुभागाध्यक्ष वीपीकेएएस, ने कृषि में महिलाओं की त्रिस्तरीय भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कृषि कार्यों में महिलाओं के महत्वपूर्ण योगदान के साथ-साथ उनके समक्ष विद्यमान चुनौतियों, विशेषकर कार्यभार, समय की कमी, श्रमसाध्य कृषि कार्यों तथा निर्णय लेने की प्रक्रिया में भागीदारी से जुड़े मुद्दों को रेखांकित किया।
डॉ. मनोज कुमार, वरिष्ठ वैज्ञानिक, वीपीकेएएस, ने संस्थान की कार्यशाला में महिला-अनुकूल कृषि यंत्रीकरण तथा श्रम एवं समय की बचत करने वाली कृषि तकनीकों का प्रायोगिक प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने मिलेट थ्रेशर, मक्का शेलर एवं पैडी थ्रेशर जैसी कृषि मशीनों की कार्यप्रणाली एवं उपयोगिता के बारे में जानकारी दी।
डॉ. कृष्ण कान्त मिश्रा, विभागाध्यक्ष, फसल सुरक्षा विभाग, वीपीकेएएस, ने ‘महिला कृषकों के लिए आजीविका के विकल्प मशरूम एवं मधुमक्खी पालन’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने मशरूम उत्पादन एवं मधुमक्खी पालन की संभावनाओं, इनके व्यावहारिक पहलुओं तथा कृषि आधारित अतिरिक्त आय अर्जित करने में इनकी भूमिका पर प्रकाश डाला।

डॉ. बृज मोहन पाण्डेय, विभागाध्यक्ष, फसल उत्पादन विभाग, वीपीकेएएस, ने महिला कृषकों की समस्याओं, आवश्यकताओं एवं तकनीकी प्राथमिकताओं पर चर्चा की। इस संवाद के माध्यम से महिला कृषकों की आवश्यकताओं को समझने और उन्हें उपयुक्त कृषि तकनीकों से जोड़ने पर जोर दिया गया।
डॉ. निर्मल कुमार हेडाऊ, विभागाध्यक्ष, फसल सुधार, वीपीकेएएस, ने महिला कृषकों को कृषि के क्षेत्र में आगे बढ़ने, नवीन तकनीकों को अपनाने तथा कृषि एवं कृषि आधारित उद्यमों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को कृषि विकास एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में कुल 98 कृषक महिलाओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम में कृषि एवं कृषि उद्यमिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए 3 स्वयं सहायता समूहों, 1 किसान उत्पादक संगठन (FPO) तथा 4 महिला उद्यमियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वयन डॉ कुशाग्रा जोशी, प्रभारी, सामाजिक विज्ञान अनुभाग, द्वारा किया गया जबकि धन्यवाद प्रस्ताव डॉ कामिनी बिष्ट, वरिष्ठ वैज्ञानिक, ने प्रस्तुत किया।
(स्रोतः भाकृअनुप-विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा)








Like on Facebook
Subscribe on Youtube
Follow on X X
Like on instagram