30 अक्टूबर, 2026, रांची
भाकृअनुप–राष्ट्रीय कृषि उच्चतर प्रसंस्करण संस्थान, नामकुम (एनआईएसए), रांची में आज केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री, श्री रामनाथ ठाकुर की उपस्थिति में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 24वीं किस्त जारी करने के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में श्री फ्रैंकलिन एल. खोबुंग, संयुक्त सचिव, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, भारत सरकार; झारखंड सरकार के कृषि निदेशक, भूमि संरक्षण निदेशक एवं उद्यानिकी निदेशक; डॉ. अभिजीत कर, निदेशक, भाकृअनुप–राष्ट्रीय कृषि उच्चतर प्रसंस्करण संस्थान; निदेशक, भाकृअनुप–भारतीय कृषि जैव प्रौद्योगिकी संस्थान तथा प्रमुख, भाकृअनुप–पूर्वी क्षेत्र अनुसंधान परिसर, प्लांडू, रांची सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री श्री मोदी ने पीएम-किसान योजना की 24वीं किस्त के अंतर्गत लगभग ₹18,700 करोड़ की राशि जारी की, जिससे देशभर के लगभग 9.34 करोड़ किसान लाभान्वित हुए। इसके साथ ही उन्होंने गुजरात में विभिन्न बुनियादी ढाँचे से संबंधित विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया।

देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने पिछले 12 वर्षों में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में हुई प्रगति और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अवधि में देश में दूध का उत्पादन लगभग 1.6 गुना बढ़ा है, जिसमें पशुओं की नस्ल सुधार, वैज्ञानिक अनुसंधान एवं विकास तथा समय पर पशु टीकाकरण की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने मधुर क्रांति के माध्यम से भारत के विश्व का दूसरा सबसे बड़ा शहद उत्पादक देश बनने का उल्लेख करते हुए बताया कि हाल के वर्षों में देश का समुद्री खाद्य निर्यात भी दोगुना हुआ है।
इसके उपरांत संस्थान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री श्री रामनाथ ठाकुर ने संस्थान के भ्रमण पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा अधिकारियों द्वारा किए गए स्वागत के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कृषि अनुसंधान एवं विकास के क्षेत्र में संस्थान द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की तथा किसानों की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने के लिए भारत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के महत्व पर प्रकाश डाला।

पीएम-किसान सम्मान निधि योजना के संबंध में उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष ₹6,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे उन्हें खेती से जुड़ी आर्थिक आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलती है। उन्होंने किसानों को इस राशि का उपयोग अच्छी गुणवत्ता वाले अधिक उपज देने वाले बीजों तथा अन्य आवश्यक कृषि सामग्री की खरीद में करने की सलाह दी, ताकि कृषि उत्पादन बढ़ने के साथ-साथ उनकी आय में भी वृद्धि हो सके।
मंत्री ने आगे बताया कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने कृषि एवं किसान कल्याण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इस अवधि में देश का कृषि बजट लगभग पाँच गुना बढ़ा है, जिससे किसानों के कल्याण, कृषि से जुड़े बुनियादी ढाँचे के विकास के साथ-साथ कृषि अनुसंधान एवं विकास के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध कराए जा सके हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित 415 किसानों को पीएम-किसान योजना की 24वीं किस्त जारी किए जाने के राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखने के साथ-साथ कृषि विकास, आधुनिक कृषि तकनीकों तथा किसानों के कल्याण के लिए भारत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और पहलों की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला।
(स्रोतः भाकृअनुप–राष्ट्रीय कृषि उच्चतर प्रसंस्करण संस्थान, नामकुम)








फेसबुक पर लाइक करें
यूट्यूब पर सदस्यता लें
X पर फॉलो करना X
इंस्टाग्राम पर लाइक करें