भाकृअनुप-आईएआरआई, नई दिल्ली में एआई-सक्षम विस्तार प्रणाली पर विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन

भाकृअनुप-आईएआरआई, नई दिल्ली में एआई-सक्षम विस्तार प्रणाली पर विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन

29 जून, 2026, नई दिल्ली

भाकृअनुप-भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (भाकृअनुप-आईएआरआई), नई दिल्ली, के कृषि प्रसार प्रभाग ने आज एक संवादात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें डॉ. आई.बी. सिंह, अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ), स्मार्ट इनोवेशन कॉरपोरेशन, अमेरिका, मुख्य वक्ता रहे। इस कार्यक्रम में वैज्ञानिकों, संकाय सदस्यों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया और कृषि प्रसार को सशक्त बनाने तथा किसानों को समय पर आवश्यकता-आधारित परामर्श सेवाएँ उपलब्ध कराने में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की परिवर्तनकारी भूमिका पर चर्चा की।
 

ICAR-IARI, New Delhi Hosts Expert Lecture on AI-enabled Extension System

"एआई-सक्षम विस्तार प्रणाली" विषय पर अपने मुख्य व्याख्यान में डॉ. आई.बी. सिंह ने वास्तविक समय पर फसल परामर्श, मौसम आधारित अनुशंसाएँ, कीट निगरानी तथा बाजार संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), मशीन लर्निंग, रिमोट सेंसिंग और डेटा विश्लेषण की क्षमता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य की विस्तार प्रणालियाँ किसान-केन्द्रित, डेटा-संचालित तथा स्थानीय भाषाओं में स्थान-विशिष्ट परामर्श प्रदान करने में सक्षम होनी चाहिए, साथ ही वैज्ञानिकों एवं कृषि प्रसार विशेषज्ञों की विशेषज्ञता का पूरक भी बननी चाहिए।

मुख्य अतिथि का परिचय कराते हुए डॉ. बी.के. सिंह, संस्थापक अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, बीकेसी वेदरसिस एवं बीकेसी एग्रीगेटर्स प्राइवेट लिमिटेड, ने प्रौद्योगिकी-सक्षम कृषि समाधानों के क्षेत्र में डॉ. आई.बी. सिंह के अग्रणी योगदानों की रूपरेखा प्रस्तुत की।

ICAR-IARI, New Delhi Hosts Expert Lecture on AI-enabled Extension System

कार्यक्रम की शुरुआत पद्मश्री स्वर्गीय डॉ. गोपाल त्रिवेदी को पुष्पांजलि अर्पित कर की गई, जिसके बाद भारतीय कृषि एवं कृषि प्रसार के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के सम्मान में दो मिनट का मौन रखा गया।

अतिथियों का स्वागत करते हुए डॉ. आर.एन. पड़ारिया, संयुक्त निदेशक (प्रसार), भाकृअनुप-आईएआरआई, ने सतत कृषि विकास के लिए डिजिटल प्रौद्योगिकियों तथा नवाचार-आधारित कृषि प्रसार प्रणालियों के महत्व पर प्रकाश डाला।

डॉ. एन.पी. सिंह, अध्यक्ष एवं महानिदेशक, आईडीमैट एवं एएसईईडी, ने एआई-संचालित, जलवायु-स्मार्ट तथा परिशुद्ध कृषि (Precision Agriculture) को आगे बढ़ाने के लिए अनुसंधान संस्थानों, उद्योगों और कृषि प्रसार एजेंसियों के बीच सहयोग के महत्व को रेखांकित किया।

(स्रोत: भाकृअनुप-भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, नई दिल्ली)

×