4 जून, 2025, पटना
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार तथा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के तत्वावधान में संचालित ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के सातवें दिन भी बिहार एवं झारखंड में यह अभियान पूरे उत्साह, ऊर्जा एवं प्रतिबद्धता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अभियान की गतिविधियों में बड़ी संख्या में कृषकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा उन्नत कृषि तकनीकों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।
इस अवसर पर वैज्ञानिकों एवं कृषि विशेषज्ञों की टीम ने किसानों को अनेक विषयों पर व्यावहारिक एवं तकनीकी वार्तालाप किए, जिसमें जलवायु अनुकूल खेती प्रणाली, उन्नत प्रभेदों का चयन, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, मृदा स्वास्थ्य परीक्षण एवं सुधार, ड्रोन आधारित कीटनाशक एवं पोषक तत्वों का छिड़काव, फसल स्वास्थ्य निगरानी, फसल विविधीकरण, सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई प्रणाली, फसल बीमा, एफपीओ गठन, विपणन रणनीतियाँ, तथा कृषि यंत्रीकरण आदि शामिल थे। इन विषयों पर केन्द्रित संवादों में किसानों की सहभागिता अत्यंत सक्रिय एवं प्रभावशाली रही।
कृषि प्रौद्योगिकी अनुप्रयोग अनुसंधान संस्थान (अटारी), पटना के निदेशक, डॉ. अंजनी कुमार ने सुपौल जिले के चाँदीपुर ग्राम का दौरा किया एवं वहां किसानों के साथ प्रत्यक्ष संवाद किया। उन्होंने स्थानीय कृषकों से जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधनों के प्रबंधन, फसल चयन, और टिकाऊ खेती के संदर्भ में विस्तार से चर्चा की तथा उन्हें वैज्ञानिक दृष्टिकोण से खेती को लाभकारी बनाने के उपाय बताए।
इसी क्रम में अटारी के प्रधान वैज्ञानिक, डॉ. मोनोब्रुल्लाह एवं डॉ. डी.वी. सिंह ने भी जहानाबाद के कल्पा गाँव का भ्रमण कर किसानों से उनकी जमीनी समस्याओं के संबंध में संवाद किया। उन्होंने सिंचाई जल की कमी, उर्वरकों की असमय आपूर्ति, गुणवत्तायुक्त बीजों की अनुपलब्धता, आदि चुनौतियों पर गहराई से चर्चा की साथ ही बिहार एवं झारखंड में संचालित इस अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों का समन्वय अटारी, जोन-IV, पटना एवं भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना द्वारा किया जा रहा है, जिसमें सभी सहयोगी संस्थान सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। राज्य सरकार का कृषि विभाग, कृषि विश्वविद्यालय, इफको, आत्मा एवं अन्य संबंधित विभाग के लोग आ रहे हैं। ग्रामीण स्तर पर स्थानीय प्रतिनिधि भी इस कार्यक्रम में सहयोग कर रहे हैं।
(स्रोतः भाकृअनुप-अटारी, पटना)
फेसबुक पर लाइक करें
यूट्यूब पर सदस्यता लें
X पर फॉलो करना X
इंस्टाग्राम पर लाइक करें