23 अक्टूबर, 2026, जोधपुर
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (भाकृअनुप) की अंतर-क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुक्रवार को केन्द्रीय शुष्क क्षेत्र अनुसंधान संस्थान (काजरी), जोधपुर के खेल मैदान में शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में देशभर के 47 भाकृअनुप संस्थानों के 500 से अधिक महिला एवं पुरुष खिलाड़ी विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग ले रहे हैं।

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि श्री कन्हैया लाल स्वामी, संभागीय आयुक्त, जोधपुर, के ध्वजारोहण द्वारा प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की गई। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. ए.के. त्रिपाठी, निदेशक, शुष्क वन अनुसंधान संस्थान (आफरी), जोधपुर तथा डॉ. जे.पी. मिश्रा, निदेशक, कृषि प्रौद्योगिकी अनुप्रयोग अनुसंधान संस्थान (अटारी), जोधपुर, उपस्थित रहे।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए डॉ. हनुमान सहाय जाट, निदेशक, काजरी, ने अतिथियों और देश के विभिन्न संस्थानों से आए खिलाड़ियों का स्वागत किया। उद्घाटन समारोह में विभिन्न संस्थानों की टीमों ने आकर्षक मार्चपास्ट कर अतिथियों को सलामी दी।
इस अवसर पर श्री स्वामी ने कहा कि खेल केवल शारीरिक दक्षता और प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, धैर्य, अनुशासन और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का सशक्त माध्यम भी हैं। उन्होंने काजरी में विकसित उत्कृष्ट खेल सुविधाओं की सराहना करते हुए संस्थान प्रशासन को बधाई दी।
विशिष्ट अतिथि, डॉ. आशुतोष कुमार त्रिपाठी ने कहा कि खेल आपसी समन्वय, समझ और सहयोग की भावना विकसित करते हैं, जो व्यक्तिगत एवं संस्थागत सफलता के लिए आवश्यक हैं। विशिष्ट अतिथि, डॉ. जे.पी. मिश्रा ने जीवन में खेल भावना के महत्व को रेखांकित करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

डॉ. जाट ने कहा कि नियमित खेलकूद शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्फूर्ति, निर्णय लेने की क्षमता, सहयोग और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देता है। आयोजन सचिव डॉ. विपिन चौधरी ने प्रतियोगिता की विभिन्न खेल स्पर्धाओं, प्रतिभागी संस्थानों तथा आयोजन व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
प्रतियोगिता के पहले दिन आयोजित 4×100 मीटर रिले दौड़ में केंद्रीय समुद्री मात्स्यिकी अनुसंधान संस्थान, कोच्चि ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि केन्द्रीय चावल अनुसंधान संस्थान, कटक द्वितीय स्थान पर रहा। लंबी कूद स्पर्धा में भारतीय कृषि सांख्यिकी अनुसंधान संस्थान, नई दिल्ली के यश चौधरी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।
भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, नई दिल्ली के प्रतिभागी ने द्वितीय तथा महात्मा गांधी समेकित कृषि अनुसंधान संस्थान, मोतिहारी के विष्णु काजी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने प्रतियोगिता के पहले दिन खेल मैदान में उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल बनाए रखा।
(स्रोतः भाकृअनुप-केन्द्रीय शुष्क क्षेत्र अनुसंधान संस्थान, जोधपुर)








Like on Facebook
Subscribe on Youtube
Follow on X X
Like on instagram