30 सितंबर, 2026, श्री विजयपुरम
भाकृअनुप–केन्द्रीय द्वीपीय कृषि अनुसंधान संस्थान, श्री विजयपुरम में निदेशक डॉ. जय सुंदर के दिशा-निर्देशन एवं मार्गदर्शन में हिंदी पखवाड़ा–2026 का समापन समारोह आज उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में संस्थान के वैज्ञानिकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रशासनिक अधिकारी श्री कनिष्क भूकर के स्वागत संबोधन से हुआ। इसके पश्चात हिंदी प्रकोष्ठ की प्रभारी श्रीमती रीना साहा ने हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। हिंदी के प्रति अभिरुचि एवं कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से निबंध लेखन, पत्र लेखन, हिंदी टंकण, अंताक्षरी, प्रश्नोत्तरी तथा तात्कालिक भाषण जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. दिलीप कुमार झा, वैज्ञानिक–एफ एवं प्रभारी अधिकारी, राष्ट्रीय महासागर प्रौद्योगिकी संस्थान (एनओआईटी), श्री विजयपुरम ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए। अपने संबोधन में उन्होंने वैज्ञानिकों एवं शोधकर्ताओं से हिंदी में अधिकाधिक शोध लेख एवं वैज्ञानिक सामग्री प्रकाशित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक एवं कृषि संबंधी जानकारी को सरल एवं सहज भाषा में प्रस्तुत करने से उसका लाभ किसानों एवं आमजन तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुँचाया जा सकता है।
अध्यक्षीय संबोधन में संस्थान के निदेशक डॉ. जय सुंदर ने हिंदी पखवाड़े के सफल आयोजन के लिए हिंदी प्रकोष्ठ तथा आयोजन में सहयोग करने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देने तथा राजभाषा हिंदी के प्रगतिशील प्रयोग के माध्यम से शत-प्रतिशत कार्यालयीन कार्य हिंदी में किए जाने की दिशा में निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में श्री ब्रजेश कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन श्री श्याम सुंदर राव ने किया।
(भाकृअनुप–केन्द्रीय द्वीपीय कृषि अनुसंधान संस्थान, श्री विजयपुरम)







फेसबुक पर लाइक करें
यूट्यूब पर सदस्यता लें
X पर फॉलो करना X
इंस्टाग्राम पर लाइक करें