Emblem_of_India
Department of Agriculture Research & Education Ministry of Agriculture & Farmers Welfare Government of India
विकसित कृषि संकल्प अभियान से जन-जन तक पहुँची कृषि जागरूकता

31 जून, 2025, अटारी, पटना

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय तथा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली द्वारा चलाए जा रहे ‘विकसित संकल्प अभियान’ पूरे बिहार एवं झारखंड में जोर-शोर से चलाया जा रहा है। अभियान के तीसरे दिन भी विभिन्न कृषि विज्ञान केन्द्रों के वैज्ञानिकगणों के साथ कृषि अनुसंधान परिषद संस्थानों के वैज्ञानिकों एवं तकनीकी अधिकारियों एवं राज्य के कृषि विभाग के प्रबंधक, किसान सलाहकार तथा जीविका से जुड़े लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया एवं किसानों की समस्याओं से रूबरू हुए।

 

विभिन्न सरकारी योजनाएं जैसे प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना, फसल बीमा योजना, परंपरागत कृषि योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना आदि की भी जानकारी किसानों तक पहुंचाई जा रही है, जिससे वे इसका फायदा उठा सकें।

 

आज विशेषज्ञों  की कुल 160 टीम ने बिहार के 341 तथा झारखंड के 216 गाँवों में जाकर वैज्ञानिक - कृषक वार्तालाप में भाग लिया, जिससे 53367 किसान लाभान्वित हुए। खरीफ से पूर्व चलाए जा रहे इस वृहद कृषि जागरूकता अभियान द्वारा खरीफ फसलों ही नहीं बल्कि कृषि संबंधित अन्य घटक जैसी बागवानी (फल एवं सब्जियों की खेती), पशुपालन, मुर्गी पालन, मशरूम की खेती,  मधुमक्खी पालन, मछली पालन आदि विषयों पर काफी जोर दिया जा रहा है। योजना की सफलता में राज्य सरकार के कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों सहित अन्य संगठनों, जैसे-जीविका, इफको, बायर सीड्स का भी महत्वपूर्ण योगदान हो रहा है। कृषि के इस महापर्व ने किसानों के बीच नई जान फूंक दी है और वे अपनी समस्याओं का समाधान वैज्ञानिकों की मदद से कर पा रहे हैं।

कार्यक्रम के समन्वय में अटारी, पटना तथा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना का विशेष योगदान है।

(स्रोतः भाकृअनुप-अटारी, पटना)