Emblem_of_India
Department of Agriculture Research & Education Ministry of Agriculture & Farmers Welfare Government of India
भाकृअनुप-एनआरसीसी बीकानेर को क्षेत्रीय राजभाषा पुरस्‍कार प्राप्त

17 फरवरी, 2025, जयपुर 

भाकृअनुप-राष्‍ट्रीय उष्‍ट्र अनुसंधान केन्‍द्र (एनआरसीसी), बीकानेर को भारत सरकार, गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग की ओर से राजभाषा में श्रेष्‍ठ कार्य निष्‍पादन हेतु ‘क’ क्षेत्र में कार्यालय (50 से अधिक स्‍टाफ संख्‍या वाले) की श्रेणी में द्वितीय राजभाषा पुरस्‍कार प्रदान किया। यह पुरस्कार जेईसीसी, जयपुर में आज आयोजित मध्‍य, पश्चिम एवं उत्‍तरी क्षेत्रों के संयुक्‍त क्षेत्रीय राजभाषा सम्‍मेलन में राजस्‍थान के मुख्‍यमंत्री, श्री भजन लाल शर्मा द्वारा केन्‍द्र के निदेशक, डॉ. समर कुमार घोरुई को प्रदान किया गया। इस अवसर पर केन्‍द्रीय गृह राज्‍य मंत्री, श्री नित्‍यानंद राय ने सहायक मुख्‍य तकनीकी अधिकारी (राजभाषा), श्री नेमीचंद बारासा को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।  

इस कार्यक्रम में राजस्‍थान के माननीय उप-मुख्‍यमंत्री, डॉ. प्रेमचंद बैरवा, जयपुर सांसद, श्रीमती मंजू शर्मा, केन्‍द्रीय राजभाषा विभाग की सचिव, श्रीमती अंशुली आर्या, संयुक्‍त सचिव, डॉ. मीनाक्षी जौली, प्रख्‍यात साहित्‍यकार, डॉ. इंदुशेखर तत्‍पुरुष मौजूद रहे।     

केन्‍द्र की इस उपलब्धि पर प्रसन्‍नता व्‍यक्‍त करते हुए डॉ. घोरुई ने सभी वैज्ञानिकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। निदेशक ने कहा कि सभी के समन्वित कार्यों के परिणामस्‍वरूप ही केन्‍द्र को यह गौरव प्राप्‍त हुआ है। उन्होने सभी को अपने कार्यक्षेत्र में राजभाषा हिन्‍दी को अधिक से अधिक प्रयोग करने हेतु प्रोत्साहित किया। 

प्रधान वैज्ञानिक एवं नोडल अधिकारी (राजभाषा), डॉ.राकेश रंजन  तथा केन्‍द्र के प्रशासनिक अधिकारी, श्री अखिल ठुकराल भी इस राजभाषा सम्‍मेलन में उपस्थित रहे।  

(स्रोतः भाकृअनुप-राष्‍ट्रीय उष्‍ट्र अनुसंधान केन्‍द्र, बीकानेर)