भाकृअनुप-क्रिडा, हैदराबाद द्वारा मेरा गांव मेरा गौरव कार्यक्रम के तहत मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन और उर्वरकों के संतुलित उपयोग पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

भाकृअनुप-क्रिडा, हैदराबाद द्वारा मेरा गांव मेरा गौरव कार्यक्रम के तहत मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन और उर्वरकों के संतुलित उपयोग पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

26 मई, 2026, हैदराबाद

भाकृअनुप-केन्द्रीय शुष्कभूमि कृषि अनुसंधान संस्थान (क्रिडा), हैदराबाद, ने तेलंगाना के यादाद्री भुवनगिरि जिले के मोटाकोंडुर मंडल के चाडा गांव में मेरा गांव मेरा गौरव (एमजीएमजी) कार्यक्रम के तहत मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन और उर्वरकों के संतुलित उपयोग पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। यह कार्यक्रम तेलंगाना कृषि विभाग के सहयोग से आयोजित किया गया।

यह कार्यक्रम भाकृअनुप द्वारा शुरू किए गए उर्वरकों के संतुलित उपयोग पर गहन अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य किसानों को फसल उत्पादकता बढ़ाने, मृदा उर्वरता बनाए रखने और सतत कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए उर्वरकों के संतुलित और वैज्ञानिक उपयोग के महत्व के बारे में शिक्षित करना था।

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने मृदा परीक्षण आधारित पोषक तत्व प्रबंधन के महत्व पर जोर दिया और फसलों की वृद्धि एवं विकास में प्रमुख (मैक्रो) तथा सूक्ष्म (माइक्रो) पोषक तत्वों की भूमिका को समझाया। किसानों को मृदा स्वास्थ्य, फसल उत्पादकता और पर्यावरण पर उर्वरकों के अंधाधुंध एवं अत्यधिक उपयोग के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया।

ICAR-CRIDA, Hyderabad Organises Awareness Programme on Soil Health Management and Balanced Fertilizer Use under Mera Gaon Mera Gaurav Programme

विशेषज्ञों ने मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन के प्रमुख सिद्धांतों जैसे संतुलित उर्वरीकरण, एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन (आईएनएम), मृदा परीक्षण आधारित उर्वरक उपयोग, जैविक संशोधनों के उपयोग तथा जैव-उर्वरकों के प्रयोग पर भी प्रकाश डाला। प्रतिभागियों के साथ उर्वरकों के कुशल उपयोग और सतत कृषि पद्धतियों को अपनाने संबंधी सिफारिशें साझा की गईं।

किसानों को यूरिया के अत्यधिक उपयोग के प्रति सावधान किया गया, क्योंकि इसका मृदा स्वास्थ्य, फसल उत्पादकता और कृषि लागत पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। कार्यक्रम में जैविक खाद, हरी खाद, जैव-उर्वरक, वर्मी कम्पोस्ट, कम्पोस्ट तथा तरल उर्वरकों जैसे पर्यावरण-अनुकूल उर्वरकों के उपयोग पर भी बल दिया गया। सहभागी किसानों के लिए जैव-उर्वरकों के उपयोग से बीज उपचार का प्रदर्शन भी किया गया।

कार्यक्रम में कुल 100 किसानों ने भाग लिया।

(स्रोत: भाकृअनुप-केन्द्रीय शुष्कभूमि कृषि अनुसंधान संस्थान, हैदराबाद)

×